‘बैटल ऑफ गलवान’ सेट से सलमान खान की नई तस्वीर वायरल, आर्मी ड्रेस में फैन के साथ दिखे गंभीर लुक में
अभिनेता सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग वॉर ड्रामा ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। हाल ही में फिल्म के सेट से सलमान की एक नई फोटो सामने आई है, जिसमें वे आर्मी यूनिफॉर्म में बेहद सीरियस लुक में नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर एक फैन द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर की गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
फोटो के वायरल होते ही फैन्स ने प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। एक यूजर ने कमेंट किया, “भाईजान जल्द आ रहे हैं!” वहीं कई अन्य यूजर्स ने सलमान की फिटनेस और डेडिकेशन की जमकर तारीफ की।
बता दें कि सलमान खान ने पिछले महीने ‘बैटल ऑफ गलवान’ के पहले शेड्यूल की शूटिंग पूरी की थी। शूटिंग खत्म होने के बाद फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने सोशल मीडिया पर कुछ खास बीटीएस (Behind The Scenes) लम्हे शेयर किए थे, जिनमें सलमान खान के साथ सेट की तस्वीरें और वीडियो शामिल थे।
अपूर्व ने अपनी इंस्टा स्टोरी में बताया था कि शूटिंग बेहद कठिन परिस्थितियों में हुई — कड़ाके की ठंड, इंडस नदी में चलना और ऊबड़-खाबड़ इलाके में शूट करना आसान नहीं था, लेकिन पूरी टीम के लिए यह अनुभव यादगार बन गया।

इससे पहले भी ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं।
इन तस्वीरों में सलमान लेह-लद्दाख की खूबसूरत वादियों में नजर आए थे, जहां वह भारतीय जवानों और फैंस के साथ पोज देते दिखे थे। बताया गया कि ये तस्वीरें फिल्म के लेह-लद्दाख शेड्यूल के दौरान की हैं, जब शूटिंग के बीच सलमान ने सेना के जवानों से मुलाकात की और स्थानीय लोगों के साथ भी वक्त बिताया।
वहीं, 9 सितंबर को फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ से सलमान खान का पहला लुक रिलीज़ किया गया था, जिसमें उनका बेहद दमदार अवतार देखने को मिला।
सलमान ने यह तस्वीर खुद अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी। फोटो में वह भारतीय सेना की वर्दी पहने हुए, माथे से खून टपकता हुआ और घनी मूंछों के साथ दिखाई दिए। उनका यह लुक पूरी तरह से देशभक्ति और जज़्बे से भरा हुआ था, जिसे देखकर फैन्स ने उन्हें एक बार फिर ‘टाइगर’ कहकर पुकारा।
गौरतलब है कि ‘बैटल ऑफ गलवान’ को सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस, सलमान खान फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है।
फिल्म में सलमान खान के अपोज़िट अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में कई नए चेहरे भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे, जो कहानी में ताज़गी और यथार्थ का एहसास जोड़ेंगे।
इस मेगा प्रोजेक्ट में सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं — वह भारतीय सेना के वही वीर अधिकारी हैं, जिन्होंने गलवान घाटी में 2020 में चीनी सेना से लोहा लेते हुए वीरगति पाई थी।
फिल्म का म्यूजिक जाने-माने संगीतकार हिमेश रेशमिया देंगे, जो इसके इमोशनल और देशभक्ति से भरे मूड को संगीत के जरिए और भी प्रभावशाली बनाएंगे।

सलमान खान ने ‘बैटल ऑफ गलवान’ के रोल को बताया अब तक का सबसे फिजिकली चैलेंजिंग किरदार
‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर अभिनेता सलमान खान काफी उत्साहित तो हैं, लेकिन उन्होंने माना है कि फिल्म में निभाया गया किरदार उनके करियर के सबसे शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण रोल्स में से एक है।
जुलाई में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में सलमान ने कहा था:
“इस फिल्म में मेरा किरदार फिजिकली काफी चैलेंजिंग है। हर साल, हर महीने, हर दिन ये और ज्यादा मुश्किल होता जा रहा है। पहले मैं ये चीजें एक-दो हफ्तों में कर लेता था, लेकिन अब मुझे ज्यादा वक्त देना पड़ता है।”
“अब मुझे दौड़ना, किक मारना, पंच करना, और ऐसे बहुत सारे एक्शन सीक्वेंस करने पड़ रहे हैं — और इस फिल्म की मांग ही ऐसी है।”
सलमान ने अपनी पिछली फिल्मों की तुलना करते हुए कहा कि:
“जब मैं ‘सिकंदर’ कर रहा था, तो उसका एक्शन बिल्कुल अलग था। किरदार का फिजिकल डाइमेंशन अलग था। लेकिन ‘बैटल ऑफ गलवान’ में जो रोल है, वो पूरी तरह से अलग है — और उससे कहीं ज्यादा मुश्किल भी।”
उन्होंने आगे यह भी साझा किया कि फिल्म की शूटिंग लद्दाख के ऊंचे पहाड़ों और कड़ाके की ठंड में हो रही है, जहां उन्हें ठंडे पानी में शूट करना पड़ रहा है।
“जब मैंने इस फिल्म को साइन किया, तब मुझे लगा कि ये एक शानदार स्क्रिप्ट है। लेकिन जब इसमें काम करना शुरू किया, तो महसूस हुआ कि रोल करना वाकई में कठिन है।”
“मुझे लद्दाख में 20 दिन शूटिंग करनी है और 7 से 8 दिन ठंडे पानी में भी काम करना है। हम इसी महीने इसकी शूटिंग कर रहे हैं।”





