महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 3 अक्टूबर को भारतीय बाजार में अपनी पॉपुलर SUV थार फेसलिफ्ट लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसके लुक और डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं किए, लेकिन कुछ कॉस्मेटिक टच और नए फीचर्स के साथ इसे अपडेट किया है।
नई थार में अब लंबी फीचर लिस्ट देखने को मिलती है। केबिन में अपग्रेड्स के तौर पर नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और अपडेटेड स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। सेफ्टी के लिए इसमें टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स जोड़े गए हैं। वहीं, पहले मौजूद सॉफ्ट-टॉप ऑप्शन को हटा दिया गया है।

इंटीरियर डिजाइन को भी पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाने की कोशिश की गई है। पावरट्रेन की बात करें तो इसमें पहले की तरह ही टर्बो पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प मिलते हैं, जो रियर-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव कॉन्फ़िगरेशन के साथ उपलब्ध रहेंगे।
महिंद्रा थार फेसलिफ्ट के वैरिएंट लाइनअप में अब बदलाव किया गया है। कंपनी ने पुराने AX ऑप्शनल और LX नामों को बदलकर AXT और LXT कर दिया है।
नई थार की कीमतें ₹9.99 लाख (1.5-लीटर डीजल RWD MT बेस मॉडल) से शुरू होती हैं और ₹16.99 लाख (2.2-लीटर डीजल 4×4 AT टॉप मॉडल) तक जाती हैं।

पुराने मॉडल की शुरुआती कीमत ₹10.32 लाख थी, यानी नया बेस मॉडल अब ₹32,000 सस्ता हो गया है। वहीं टॉप-एंड LXT 4WD AT की कीमत पहले ₹16.61 लाख थी, जो अब ₹16.99 लाख हो गई है, यानी ₹38,000 महंगी।
SUV की बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन (महिंद्रा डीलरशिप) दोनों माध्यमों से शुरू हो चुकी है और डिलीवरी भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

महिंद्रा थार का सीधा मुकाबला फोर्स गुरखा 3-डोर और मारुति जिम्नी से है। इसके अलावा यह SUV, हुंडई क्रेटा, टोयोटा हाइराइडर, मारुति ग्रैंड विटारा/विक्टोरिस, फोक्सवैगन टाइगन और स्कोडा कुशाक जैसी कॉम्पैक्ट SUVs के लिए भी एक पावरफुल ऑफ-रोड विकल्प मानी जा रही है।





