एक अच्छे दिन की शुरुआत एक अच्छी सुबह से होती है, और एक अच्छी सुबह की शुरुआत कुछ अच्छी आदतों से। सुबह के शुरुआती 15 मिनट हमारे पूरे दिन के मूड और प्रोडक्टिविटी को प्रभावित करते हैं। अगर इस समय हम सही चीजें करें, तो दिनभर एनर्जी और पॉज़िटिविटी बनी रहती है। आइए जानते हैं कुछ ऐसी आदतें जो सुबह उठने के तुरंत बाद अपनानी चाहिए
1. अलार्म बंद करके दोबारा न सोएं
अक्सर लोग अलार्म बंद करके दोबारा नींद में चले जाते हैं, जिससे शरीर की नैचुरल स्लीप साइकिल बिगड़ जाती है। कोशिश करें कि मोबाइल में अलार्म लगाने के बजाय अलार्म घड़ी का उपयोग करें और उसे बिस्तर से थोड़ा दूर रखें ताकि बंद करने के लिए उठना पड़े।
2. बिस्तर से धीरे-धीरे उठें
नींद से जागने के बाद तुरंत झटके से उठना शरीर पर दबाव डाल सकता है। पहले कुछ सेकंड बिस्तर पर बैठे रहें, गहरी सांस लें और शरीर को रिलैक्स होने दें। इससे ब्लड सर्कुलेशन सामान्य रहता है।
3. उठते ही फोन न देखें
सुबह उठते ही मोबाइल देखने से दिमाग तुरंत एक्टिव मोड में चला जाता है और तनाव बढ़ता है। न्यूज़, ईमेल या नोटिफिकेशन देखने के बजाय पहले खुद पर ध्यान दें। कम से कम सुबह के पहले 45 मिनट फोन से दूर रहें।
4. कुछ मिनट शांत बैठें या ध्यान लगाएं
सुबह जागने के बाद 5 मिनट शांत बैठें। आंखें बंद करें और गहरी सांसें लें। चाहें तो मेडिटेशन करें या बस मन में दिन के लिए पॉज़िटिव सोचें। यह आपके मूड को स्थिर और मन को शांत रखेगा।
5. उठते ही पैर सीधे जमीन पर न रखें
सोते समय पैर गर्म रहते हैं, ऐसे में सुबह उठकर तुरंत ठंडी ज़मीन पर पैर रखने से शरीर के तापमान में अचानक बदलाव होता है जो सेहत के लिए ठीक नहीं। पहले कुछ सेकंड बिस्तर पर बैठे रहें, फिर धीरे से पैर नीचे रखें।
6. सूरज की रोशनी को अंदर आने दें
सुबह बिस्तर से उठते ही खिड़की के पर्दे खोलें और प्राकृतिक रोशनी को कमरे में आने दें। सूरज की किरणें शरीर में सेरोटोनिन हार्मोन बढ़ाती हैं, जिससे दिनभर मूड अच्छा रहता है।
7. आंखें और चेहरा ठंडे पानी से धोएं
नींद के बाद आंखों और चेहरे पर ठंडे पानी के छींटे मारने से न केवल नींद खुलती है बल्कि स्किन फ्रेश और साफ रहती है। इससे आंखों की सूजन भी कम होती है।
8. खाली पेट एक या दो गिलास पानी पिएं
सुबह उठते ही पानी पीना सबसे अच्छी आदतों में से एक है। यह शरीर से टॉक्सिन निकालता है, पाचन सुधारता है और त्वचा में निखार लाता है।
9. हल्की स्ट्रेचिंग करें
सुबह शरीर अकड़ा हुआ महसूस होता है, इसलिए 2-3 मिनट स्ट्रेचिंग करें। इससे मसल्स रिलैक्स होते हैं और ब्लड फ्लो बेहतर होता है। चाहें तो कुछ सेकंड तक अपनी जगह पर हल्का जॉग या कूद भी सकते हैं।
इन छोटी-छोटी सुबह की आदतों को अपनाकर आप न केवल अपने दिन को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से अधिक ऊर्जावान महसूस करेंगे। याद रखें — दिन की सही शुरुआत ही पूरे दिन को सही दिशा देती है।





