अब ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर — जनवरी 2026 से रेलवे ऐसा सिस्टम लागू करने जा रहा है, जिसमें आप अपने कन्फर्म रेल टिकट की यात्रा तारीख बदल सकेंगे, वो भी बिना कोई कैंसिलेशन चार्ज या एक्स्ट्रा फीस दिए। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यात्री अपनी सुविधा के अनुसार टिकट की तारीख आगे बढ़ा सकेंगे, लेकिन नई तारीख पर सीट उपलब्धता के आधार पर ही कन्फर्मेशन मिलेगा। उदाहरण के तौर पर, अगर आपके पास 20 नवंबर की दिल्ली से पटना की टिकट है और अब आप 25 नवंबर को जाना चाहते हैं, तो नया टिकट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी — बस ऑनलाइन तारीख बदलें और उसी टिकट से सफर करें।
ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत: अब बिना चार्ज बदले जा सकेगी कन्फर्म टिकट की तारीख, जानिए 6 सवाल-जवाब में नया सिस्टम
सवाल 1: अभी क्या है नियम?
वर्तमान में रेलवे टिकट की तारीख बदलने के लिए यात्रियों को पहले टिकट कैंसिल कराना पड़ता है और फिर नई तारीख के लिए दोबारा टिकट बुक करनी होती है। इस प्रक्रिया में न सिर्फ समय बर्बाद होता है, बल्कि कैंसिलेशन चार्ज भी देना पड़ता है।
-
ट्रेन के प्रस्थान समय से 48 से 12 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर 25% राशि कटती है।
-
AC फर्स्ट क्लास/एग्जीक्यूटिव क्लास: ₹240 + GST
-
AC 2 टियर/फर्स्ट क्लास: ₹200 + GST
-
AC 3 टियर/चेयर कार/3E: ₹180 + GST
-
स्लीपर क्लास: ₹120
-
सेकंड क्लास: ₹60
चार्ट बनने के बाद तो रिफंड भी नहीं मिलता।
सवाल 2: नया सिस्टम कब से लागू होगा?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह नई सुविधा जनवरी 2026 से लागू होगी। यात्री इसे IRCTC वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए इस्तेमाल कर सकेंगे।
सवाल 3: कन्फर्म टिकट की तारीख कैसे बदल पाएंगे?
-
टिकट कन्फर्म होने के बाद ‘रीबुकिंग’ का ऑप्शन मिलेगा।
-
उसी ट्रेन की नई यात्रा तारीख सिलेक्ट कर सकेंगे।
-
सीट अवेलेबिलिटी चेक करें और नया टिकट बुक करें।
-
सीट उपलब्ध होने पर बुकिंग कन्फर्म हो जाएगी।
-
इस पूरी प्रक्रिया में कोई कैंसिलेशन फीस या एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लगेगा।
सवाल 4: क्या ऑफलाइन काउंटर से भी बदलाव संभव होगा?
फिलहाल यह सुविधा सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से मिलेगी। यानी IRCTC वेबसाइट या ऐप पर। रेलवे भविष्य में इसे ऑफलाइन काउंटर पर भी लागू कर सकता है।
सवाल 5: क्या वेटिंग टिकट की तारीख भी बदली जा सकेगी?
नहीं, फिलहाल नया सिस्टम केवल कन्फर्म टिकटों पर ही लागू होगा। वेटिंग या आरएसी टिकट के लिए फिलहाल कोई बदलाव नियम नहीं आया है।
सवाल 6: क्या नई तारीख पर भी कन्फर्म टिकट मिलेगा?
कन्फर्म टिकट के बदले कन्फर्म सीट की गारंटी नहीं होगी। सीट उपलब्धता के आधार पर ही नई बुकिंग कन्फर्म होगी। यदि नई तारीख पर किराया अधिक है, तो यात्री को अंतर राशि चुकानी होगी।
इस बदलाव से लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें अब आखिरी समय में यात्रा टालने पर टिकट कैंसिल कराने और पैसा कटने की चिंता नहीं करनी होगी। जनवरी 2026 से रेलवे की टिकटिंग प्रणाली और भी आसान और लचीली बन जाएगी।





