Ola Shakti Launch: घरों के लिए ओला का पहला होम बैटरी सिस्टम

On: October 16, 2025

Ola Shakti Launch: ओला इलेक्ट्रिक ने लॉन्च किया अपना पहला नॉन-व्हीकल प्रोडक्ट, अब घरों में भी चलेगी ‘ओला’ की बिजली

देश में ई-मोबिलिटी को नई दिशा देने के बाद अब Ola Electric ने ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़ा कदम बढ़ा दिया है। कंपनी ने 16 अक्टूबर को अपना पहला नॉन-व्हीकल प्रोडक्ट “Ola Shakti” लॉन्च किया है — यह एक होम बैटरी सिस्टम है, जो सोलर पैनल या ग्रिड से बिजली स्टोर करके घरों को एनर्जी सप्लाई करता है।

ओला शक्ति की शुरुआती कीमत ₹29,999 रखी गई है और ग्राहक इसे मात्र ₹999 देकर Ola की वेबसाइट या स्टोर से बुक कर सकते हैं। कंपनी ने घोषणा की है कि इसकी डिलीवरी मकर संक्रांति 2026 से शुरू की जाएगी।

पूरी तरह भारत में बना एनर्जी स्टोरेज सिस्टम

Ola Shakti पूरी तरह भारत में डिजाइन, इंजीनियर और निर्मित किया गया रेसिडेंशियल बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) है। इसमें 4680 भारत सेल्स लगाए गए हैं, जो ओला की इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाली तकनीक पर आधारित हैं।

यह सिस्टम एयर कंडीशनर, फ्रिज, इंडक्शन कुकटॉप, फार्म पंप, वाई-फाई राउटर और अन्य घरेलू उपकरणों को चलाने में सक्षम है। सरल शब्दों में कहें तो यह EV बैटरी की तरह काम करता है, लेकिन खासतौर पर घरेलू उपयोग के लिए तैयार किया गया है।

कीमतें और वेरिएंट – 29,999 से 1,59,999 रुपए तक

कंपनी ने शुरुआती 10,000 यूनिट्स के लिए इंट्रोडक्टरी प्राइस की घोषणा की है, जो बाद में बढ़ाई जा सकती है। Ola Shakti चार वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी:

  • 1.5 kWh – ₹29,999

  • 3 kWh – ₹55,999

  • 5.2 kWh – ₹1,19,999

  • 9.1 kWh – ₹1,59,999

ये सभी मॉडल 1.5 kWh से 9.1 kWh तक की क्षमता के साथ आते हैं, जिससे छोटे घरों से लेकर बड़े परिवारों की जरूरतें पूरी की जा सकती हैं।

दो घंटे में फुल चार्ज, 1.5 घंटे तक बैकअप

Ola Shakti को पूरी तरह चार्ज होने में केवल दो घंटे का समय लगता है। यह फुल लोड पर 1.5 घंटे तक बैकअप दे सकती है।
यह 120V से 290V की वोल्टेज रेंज हैंडल करती है, जिससे घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वोल्टेज फ्लक्चुएशन से सुरक्षित रहते हैं।

इसमें IP67 रेटेड वेदरप्रूफ बैटरी लगी है, जो धूल, पानी और मानसूनी परिस्थितियों में भी सुरक्षित रहती है।

भाविश अग्रवाल बोले – “यह पर्सनल एनर्जी का भविष्य है”

लॉन्च के मौके पर ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और एमडी भाविश अग्रवाल ने कहा,

“Ola Shakti एक ऐसा समाधान है जो पर्सनल एनर्जी यूज को पूरी तरह बदल देगा। यह पावर बैकअप, सोलर एनर्जी स्टोरेज और वोल्टेज स्टेबलाइजेशन के लिए एक ही उत्पाद है। इसका मेंटेनेंस बहुत कम है और यह भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।”

इन्वर्टर से कैसे अलग है ओला शक्ति?

साधारण इन्वर्टर केवल बिजली कटने पर DC से AC करंट में बदलकर उपकरण चलाते हैं। जबकि Ola Shakti एक पूरा एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशन है, जो बिजली को स्टोर करने के साथ-साथ सोलर एनर्जी को सेव करने, वोल्टेज को स्थिर रखने और पोर्टेबल पावर सोर्स के रूप में भी काम करता है।

इसमें पहले से ही बिल्ट-इन हाई कैपेसिटी बैटरी (1.5 kWh से 9.1 kWh) लगी होती है, जो IP67 वेदरप्रूफ है। इसके विपरीत, इन्वर्टर में अलग से बैटरी जोड़नी पड़ती है, जिसका मेंटेनेंस और रिप्लेसमेंट कॉस्ट अधिक होता है।


Ola Shakti भारत के एनर्जी सेक्टर में एक क्रांतिकारी कदम है। यह न केवल बिजली कटने की समस्या का समाधान देगा, बल्कि सोलर पावर को घरों में बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने का रास्ता भी खोलेगा।
कंपनी का यह कदम भारत को “एनर्जी इंडिपेंडेंट” बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment