जन धन अकाउंट की री-केवाईसी 30 सितंबर तक: जानें जरूरी बातें
प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) अब 10 साल पूरी कर चुकी है। RBI के नियमों के अनुसार, बैंक अकाउंट खुलने के 10 साल बाद KEYC (Know Your Customer) अपडेट करना जरूरी होता है। इसी के तहत सरकार ने 30 सितंबर तक जन धन अकाउंट की री-केवाईसी कराने का निर्देश दिया है।
अगर आपका भी जन धन अकाउंट है तो 30 सितंबर तक री-केवाईसी कराना आवश्यक है। ऐसा न करने पर बैंक आपका अकाउंट बंद कर सकता है।
1: री-केवाईसी क्या होती है और क्यों जरूरी है?
री-केवाईसी एक आसान प्रक्रिया है, जिसमें आप बैंक में अपनी पुरानी जानकारी जैसे नाम, पता और फोटो अपडेट करते हैं। यह प्रक्रिया न केवल धोखाधड़ी रोकने में मदद करती है बल्कि यह सुनिश्चित करती है कि आपके बैंकिंग सर्विस सही तरीके से जारी रहें।
2: किसे करानी है री-केवाईसी?
जिन खातों को 2014-2015 में खोला गया था, उनके होल्डर्स को री-केवाईसी करानी होगी। इन खातों की KYC वैधता 10 साल की होती है। अकाउंट को एक्टिव रखने के लिए यह प्रोसेस जरूरी है।
3: बैंक इस सुविधा के लिए क्या कर रहे हैं?
सरकारी बैंक 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक पूरे देश में ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर रहे हैं। ये कैंप अकाउंट होल्डर्स के घर जाकर री-केवाईसी कर रहे हैं। अब तक लगभग 1 लाख ग्राम पंचायतों में कैंप लग चुके हैं और लाखों लोगों ने अपडेट कर लिया है।
4: अगर री-केवाईसी न की तो क्या होगा?
खाता निष्क्रिय (इनऑपरेटिव) हो सकता है, जिससे लेन-देन रुक जाएंगे और सरकारी सब्सिडी मिलने में भी परेशानी हो सकती है।
5: जन धन अकाउंट में क्या-क्या मिलता है?
जन धन योजना के तहत खाताधारक को कई फायदे मिलते हैं:
जीरो बैलेंस खाता: बिना पैसे जमा किए भी खाता खोल सकते हैं।
रुपे डेबिट कार्ड: ATM से पैसे निकालने और दुकानों पर पेमेंट करने के लिए मुफ्त कार्ड।
2 लाख का दुर्घटना बीमा: रुपे कार्ड के साथ खाताधारक को 2 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कवर।
ओवरड्राफ्ट की सुविधा: खाते पर 10,000 रुपए तक का ओवरड्राफ्ट (उधार) ले सकते हैं।
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT): गैस सब्सिडी या अन्य सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे खाते में।
ब्याज की सुविधा: बचत पर ब्याज मिलता है, जैसे आम बैंक खातों में।
6: ये खाता कौन खोल सकता है?
इस योजना के तहत, जिन लोगों के पास कोई अन्य बैंक खाता नहीं है, वे किसी भी बैंक शाखा या बैंक मित्र (BC) के जरिए खाता खोल सकते हैं।
7: ये खाता कैसे खोलें?
खाता खोलना आसान है। इसके लिए आवश्यक चीजें:
आधार कार्ड: सबसे जरूरी। अगर आधार नहीं है, तो वोटर ID, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या कोई अन्य सरकारी ID चलेगा।
पता और पहचान का सबूत: आधार में पता मौजूद हो तो वही काफी है, अन्यथा बिजली बिल, राशन कार्ड आदि।
पासपोर्ट साइज फोटो: 1-2 फोटो चाहिए।
फिर नजदीकी बैंक शाखा, पोस्ट ऑफिस या बैंक मित्र (BC) के पास जाकर फॉर्म भरें और खाता खुल जाएगा। अब कई जगह ऑनलाइन खाता खोलने की सुविधा भी उपलब्ध है।