होंडा WN7 इलेक्ट्रिक बाइक लॉन्च: 600cc पेट्रोल बाइक जैसी पावर, फुल चार्ज में 130km रेंज, कीमत ₹15.56 लाख

On: September 26, 2025

जापानी टू-व्हीलर कंपनी होंडा ने आज (17 सितंबर) अपनी पहली फुल-साइज इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल WN7 को यूरोपियन मार्केट में लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह ईवी 600cc पेट्रोल बाइक जितनी पावरफुल है और फुल चार्ज में लगभग 130 किलोमीटर तक चलेगी। इसकी कीमत 12,999 यूरो यानी लगभग ₹15.56 लाख रखी गई है।

होंडा इस बाइक को नवंबर 2025 में होने वाले EICMA शो में पूरी स्पेसिफिकेशन्स के साथ पेश करेगा, जिसके बाद डिलीवरी शुरू होगी। फिलहाल भारत में लॉन्च को लेकर कंपनी ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन अनुमान है कि इसे भारतीय बाजार में 10-12 लाख रुपए की एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया जा सकता है।

नई होंडा WN7 इलेक्ट्रिक बाइक EICMA-2024 में पेश किए गए कॉन्सेप्ट मॉडल से प्रेरित है। इसका डिज़ाइन भी उसी तरह मिनिमलिस्टिक और नेकेड स्टाइल में तैयार किया गया है। बाइक का ओवरऑल लुक स्लिम और फ्यूचरिस्टिक है, जो इसे सड़क पर अलग पहचान देता है।

बाइक ग्लॉस ब्लैक के साथ तीन आकर्षक कलर विकल्पों में आती है – कॉपर एक्सेंट्स, मैट ब्लैक और ग्रे। इसका कुल वजन 217 किलो है, जो इसे स्टेबल और हैंडलिंग में आसान बनाता है।

होंडा WN7 इलेक्ट्रिक बाइक लॉन्च: 600cc पेट्रोल बाइक जैसी पावर, फुल चार्ज में 130km रेंज, कीमत ₹15.56 लाख

परफॉर्मेंस: 130km रेंज के साथ 15hp पावर

होंडा का कहना है कि WN7 को ‘फन सेगमेंट’ के लिए डिज़ाइन किया गया है, यानी इसका फोकस राइडिंग को मजेदार और रोमांचक बनाने पर है। परफॉर्मेंस के मामले में यह बाइक 600cc पेट्रोल बाइक के बराबर है और टॉर्क में तो 1000cc बाइक को भी टक्कर दे सकती है।

यूरोप में यह बाइक दो वैरिएंट्स में उपलब्ध है। एक वैरिएंट में 18kW (24.5hp) पावरफुल मोटर लगी है, जबकि दूसरे में 11kW (15hp) की इलेक्ट्रिक मोटर है। दोनों मोटर वॉटर-कूल्ड हैं और 100Nm का टॉर्क जनरेट करती हैं।

बाइक को पावर देने के लिए इसमें CCS2 फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ फिक्स्ड लिथियम-आयन बैटरी पैक दिया गया है। एक सिंगल चार्ज में यह 130km तक चल सकती है। चार्जिंग की बात करें तो फास्ट CCS2 चार्जर से केवल 30 मिनट में बैटरी 20% से 80% तक चार्ज हो जाती है, जबकि 6kVA वॉल-बॉक्स होम चार्जर से फुल चार्ज में 3 घंटे से भी कम समय लगता है।

फीचर्स: 5-इंच TFT स्क्रीन और ऑल-LED लाइटिंग

होंडा WN7 में 5-इंच की TFT डिस्प्ले स्क्रीन दी गई है, जो होंडा रोडसिंक कनेक्टिविटी के साथ आती है। यह स्क्रीन नेविगेशन, कॉल/एसएमएस अलर्ट और EV-स्पेसिफिक मेन्यू जैसे फीचर्स सपोर्ट करती है, जिससे राइडिंग को और भी स्मार्ट और सुविधाजनक बनाया गया है।

बाइक में ऑल-LED लाइटिंग का इस्तेमाल किया गया है। इसके फ्रंट में डुअल-पॉड हेडलाइट और हॉरिजॉन्टल DRL शामिल हैं, जो रात की राइडिंग को सुरक्षित और स्टाइलिश बनाते हैं।

कंफर्ट राइडिंग के लिए WN7 में फ्रंट में USD फोर्क्स और रियर में मोनो-शॉक एब्जॉर्वर दिए गए हैं। ब्रेकिंग की सुरक्षा के लिए फ्रंट में डुअल डिस्क और रियर में सिंगल डिस्क ब्रेक्स मौजूद हैं, जो नियंत्रण और स्थिरता दोनों सुनिश्चित करते हैं।

Leave a Comment