धनुष और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘तेरे इश्क में’ का टीजर रिलीज हो गया है। इसे निर्माता आनंद एल राय, भूषण कुमार और कलर येल्लो ने बुधवार को जारी किया। 2 मिनट 4 सेकंड के इस टीजर में धनुष और कृति की इंटेंस केमिस्ट्री देखने को मिलती है।
टीजर की शुरुआत कृति सेनन से होती है और उसके बाद धनुष की एंट्री होती है। यह शॉर्ट वीडियो शंकर (धनुष) और मुक्ती (कृति सेनन) की नई और अप्रत्याशित जोड़ी की दिल को छू लेने वाली केमिस्ट्री को पेश करता है। पहले सामने आई झलकियों के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि कहानी गहरे जुनून, दर्द और अधूरी मोहब्बत की है।
आनंद एल राय की संवेदनशील दृष्टि, हिमांशु शर्मा की लेखनी, और बनारस की झलक इसे एक ऐसा सिनेमाई अनुभव बनाते हैं, जहाँ प्यार तर्क से परे, जितना तोड़ता है उतना ही संवारता भी है। इसी वजह से शंकर और मुक्ती अब सिनेमा के अविस्मरणीय पात्रों में शामिल होने वाले हैं।
टीजर को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, खासकर धनुष के डायलॉग्स को खूब पसंद किया जा रहा है। वहीं, कुछ फैंस इसकी तुलना ‘रांझणा’ से कर रहे हैं।
टीजर के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने संभाली है। यह उनके आनंद एल राय और धनुष के साथ तीसरे हिंदी प्रोजेक्ट का सहयोग है। गीत के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं और इसे अरिजीत सिंह की आवाज़ ने सजाया है। यह गीत पहले ही चार्टबस्टर के रूप में सराहा जा रहा है।
निर्देशक और निर्माता आनंद एल राय ने फिल्म के बारे में कहा, “इश्क सिर्फ समर्पण है, जो आपको भरता, तोड़ता और बदलता भी है।”
टी-सीरीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण कुमार ने जोड़ा, “तेरे इश्क में एक ऐसी प्रेम कहानी है, जो तीव्र भावनाओं से भरी है। दर्शक पहली बार धनुष और कृति सेनन को साथ देखेंगे—एक नई जोड़ी जो पर्दे पर दिल को छू लेने वाली साबित होगी। आनंद एल राय की दृष्टि और एआर रहमान का संगीत इसे एक ऐसा अनुभव बनाते हैं जो फिल्म खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक याद रहेगा।”
फिल्म को गुलशन कुमार, टी-सीरीज और कलर येल्लो प्रस्तुत कर रहे हैं। निर्माण टीम में शामिल हैं आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा, भूषण कुमार और कृष्ण कुमार। निर्देशन आनंद एल राय ने किया है और कहानी लिखी है हिमांशु शर्मा और नीरज यादव ने।
फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल के हैं। मुख्य भूमिकाओं में हैं धनुष और कृति सेनन।