बालिका वधू की आनंदी ने रचाई शादी, लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड संग बना ली जीवनसंगिनी, तस्वीरें वायरल

बालिका वधू फेम अविका गौर और मिलिंद चंदवानी शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों की जोड़ी की शुरुआत ‘पति पत्नी और पंगा’ के सेट से हुई थी, जहां से उनका रिश्ता परवान चढ़ा। कपल ने जून में सगाई की थी और अब उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। अविका और मिलिंद ने हमेशा के लिए एक-दूसरे का हाथ थाम लिया है।
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। टीवी शो बालिका वधू से घर-घर में मशहूर हुईं अविका गौर और सोशल वर्कर मिलिंद चंदवानी ने आज, 30 सितंबर को शादी कर ली। इस कपल ने अपनी शादी का खास दिन कलर्स टीवी के शो पति पत्नी और पंगा के सेट पर सेलिब्रेट किया। दिलचस्प बात यह रही कि जिस चैनल ने अविका को पहचान दिलाई, उसी मंच पर उन्होंने अपने जीवन का नया सफर शुरू करने का ऐलान किया।

खुशियों से सजा शादी का जश्न
हल्दी और मेहंदी की रस्मों के बाद अविका और मिलिंद ने अपने परिवार और शो के अन्य प्रतिभागियों की मौजूदगी में सात फेरे लिए। पहले उनकी बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, और अब मेकर्स ने इस जोड़े की शादी की खूबसूरत तस्वीरें फैंस के साथ साझा की हैं।
दुल्हन बनीं अविका, दूल्हा बने मिलिंद
अपनी शादी में अविका ने रेड कलर का खूबसूरत लहंगा पहना और उसे ग्रीन ज्वेलरी के साथ पेयर किया। वहीं मिलिंद बेज कलर के ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आए। पति पत्नी और पंगा के सेट से सामने आई तस्वीरों में यह कपल बेहद खुश और रोमांटिक अंदाज में दिखाई दे रहा है।

सेलिब्रिटीज़ ने बढ़ाई शादी की रौनक
पति पत्नी और पंगा के सेट पर हुए इस शाही समारोह में कई नामचीन सितारे मेहमान बनकर पहुंचे। शादी के खास मौके पर शो की पूरी कास्ट के साथ-साथ इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे भी मौजूद रहे। इनमें होस्ट सोनाली बेंद्रे, हिना खान, रॉकी जायसवाल, गुरमीत चौधरी, देबिना बनर्जी, रुबीना दिलैक, अभिनव शुक्ला, ममता लहरी, सुदेश लहरी, स्वरा भास्कर, फहाद अहमद, ईशा मालवीय और अभिषेक कुमार जैसे सितारों ने अपनी मौजूदगी से समारोह की शान बढ़ाई।
राखी सावंत, फराह खान और कई स्टार्स बने गवाह
अविका गौर और मिलिंद चंदवानी की शादी में राखी सावंत, फराह खान, कृष्णा अभिषेक और बिग बॉस 17 फेम समर्थ जुरेल भी मेहमान बनकर पहुंचे।
अविका ने साझा की अपनी भावनाएं
मीडिया से बात करते हुए अविका ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा—
“ऐसे दिन आते हैं जब मैं उठती हूं और खुद को याद दिलाती हूं कि यह सच है। मैं बहुत खुशकिस्मत और धन्य महसूस करती हूं कि मुझे एक ऐसा जीवनसाथी मिला है जो मेरा साथ देता है, मुझे समझता है और हमेशा मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।”
उन्होंने आगे कहा—
“मैं हमेशा अपने माता-पिता से कहती थी कि या तो मैं कोर्ट मैरिज करूंगी, जिसके बारे में किसी को पता भी नहीं चलेगा या फिर एक ग्रैंड वेडिंग करूंगी, जिसका जश्न पूरी दुनिया मनाएगी। आज मुझे लगता है जैसे मेरा बचपन का सपना पूरा हो गया है।”
5 साल के रिश्ते के बाद बंधे शादी के बंधन में
अविका गौर और मिलिंद चंदवानी की पहली मुलाकात साल 2019 में हुई थी। इसके बाद 2020 में दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। करीब पांच साल साथ रहने के बाद मिलिंद ने अविका को प्रपोज किया। इसी साल 11 जून को कपल ने एक इमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर कर अपनी सगाई का ऐलान किया था।





