BSNL ने शुरू किया 4G नेटवर्क: अब देशभर में गांव से शहर तक मिलेगा तेज इंटरनेट, सभी टेलिकॉम कंपनियां बनीं 4G सक्षम

On: October 5, 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BSNL का 4G नेटवर्क लॉन्च किया, जिससे भारत के सभी टेलिकॉम ऑपरेटर अब 4G से लैस हो गए हैं। BSNL का यह 4G नेटवर्क देशभर में 98 हजार लोकेशंस पर शुरू किया गया है और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है।

जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया (Vi) जैसी निजी कंपनियां पहले से ही 4G और 5G सेवाएं दे रही हैं, और अब BSNL के जुड़ने से भारत का टेलिकॉम सेक्टर पूरी तरह 4G सक्षम हो गया है।

इस लॉन्च के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है जो अपने टेलीकॉम नेटवर्क के लिए जरूरी उपकरण और तकनीक खुद विकसित करते हैं। BSNL की यह स्वदेशी तकनीक भविष्य में 5G नेटवर्क में भी अपग्रेड की जा सकेगी।

अब गांव-शहर हर जगह मिलेगा तेज 4G इंटरनेट

BSNL ने पूरी तरह स्वदेशी 4G टेक्नोलॉजी विकसित की है, जो किसी विदेशी कंपनी पर निर्भर नहीं है। कंपनी ने इसे देशभर में 98,000 लोकेशंस पर इंस्टॉल करने की योजना बनाई है। इससे ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक सभी जगह तेज और भरोसेमंद 4G इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होगी।

आसानी से 5G में अपग्रेड होगा BSNL नेटवर्क

BSNL का यह देसी 4G स्टैक क्लाउड-बेस्ड और फ्यूचर-रेडी डिजाइन पर तैयार किया गया है, जिसे केवल सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए 5G में अपग्रेड किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में किसी बड़े हार्डवेयर बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी।

टेलीकॉम मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि BSNL का नेटवर्क पूरी तरह 5G के लिए तैयार है और इसे सीमलेस तरीके से अपग्रेड किया जा सकेगा। यानी, 4G लॉन्च के बाद जल्द ही BSNL की 5G सर्विस भी शुरू होने की संभावना है।

नए BSNL टावर सोलर पावर से चलेंगे

BSNL के नए टावर अब सोलर पावर से ऑपरेट किए जाएंगे, जिससे यह देश का सबसे बड़ा ग्रीन टेलीकॉम नेटवर्क बनने जा रहा है। इस पहल से न केवल ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। सोलर-बेस्ड सिस्टम से ऑपरेट होने वाले ये टावर सतत विकास (Sustainable Development) और डिजिटल इंडिया मिशन दोनों को मजबूती देंगे।

BSNL के कस्टमर बेस में लगातार गिरावट

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की जुलाई 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, BSNL और MTNL के सब्सक्राइबर लगातार कम हो रहे हैं। केवल जुलाई महीने में ही BSNL ने 1.01 लाख ग्राहक खो दिए, जबकि MTNL के यूजर्स की संख्या में भी गिरावट आई है।

अब पब्लिक सेक्टर की इन दोनों कंपनियों का मार्केट शेयर 8% से भी कम रह गया है। दूसरी ओर, प्राइवेट कंपनियों में जियो ने जुलाई में सबसे ज्यादा 4.83 लाख नए ग्राहक जोड़े हैं, जबकि एयरटेल ने 4.64 लाख यूजर्स बढ़ाए। वहीं, वोडाफोन आइडिया (Vi) को नुकसान झेलना पड़ा है और उसके 3.59 लाख ग्राहक कम हुए हैं।

एयरटेल और जियो से कई कदम पीछे BSNL

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही 6G नेटवर्क का रोडमैप लॉन्च कर चुके हैं और उम्मीद है कि 2030 तक भारत में 6G सर्विस शुरू हो जाएगी। लेकिन इस दौड़ में BSNL काफी पीछे नजर आ रहा है। जहां एयरटेल और जियो ने 2022 में ही 5G सेवाएं शुरू कर दी थीं, वहीं BSNL अब जाकर 4G नेटवर्क लॉन्च कर पाया है और धीरे-धीरे 5G की तैयारी में जुटा है।

BSNL की हालत खराब क्यों हुई?

1. मंजूरी में देरी:
साल 2000 में BSNL की स्थापना के बाद अधिकारी चाहते थे कि कंपनी जल्द से जल्द मोबाइल सेवाएं शुरू करे, लेकिन आवश्यक सरकारी मंजूरियों की कमी ने इसकी प्रगति रोक दी।

2. सरकारी निर्णयों में सुस्ती:
2006 से 2012 के बीच BSNL की नेटवर्क क्षमता में मामूली वृद्धि हुई, जबकि निजी कंपनियों ने तेज़ी से विस्तार कर लिया।

3. नेटवर्क समस्याओं के कारण ग्राहक पलायन:
नेटवर्क कंजेशन और कमजोर कवरेज के चलते बड़ी संख्या में यूजर्स ने BSNL छोड़कर जियो, एयरटेल और वोडाफोन जैसी निजी कंपनियों का रुख किया।

4. 3G स्पेक्ट्रम नीलामी में भाग न लेना:
2010 में जब 3G स्पेक्ट्रम की नीलामी हुई, तो BSNL ने सरकारी कंपनी होने के कारण इसमें हिस्सा नहीं लिया। इससे कंपनी तकनीकी रूप से पिछड़ गई।

5. भारी निवेश और आर्थिक दबाव:
वायमैक्स आधारित ब्रॉडबैंड वायरलेस ऐक्सेस (BWA) स्पेक्ट्रम के लिए भारी रकम चुकाने से BSNL की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई।

6. लैंडलाइन में भारी गिरावट:
मोबाइल क्रांति के दौर में BSNL के लैंडलाइन ग्राहकों की संख्या तेजी से घटी — 2006-07 में 3.8 करोड़ से घटकर 2014-15 में सिर्फ 1.6 करोड़ रह गई।

7. 4G स्पेक्ट्रम में देरी:
जब 4G स्पेक्ट्रम की नीलामी हुई, तो BSNL को इसमें शामिल नहीं किया गया। यही देरी आज कंपनी को भारी पड़ रही है — जहां निजी ऑपरेटर 5G तक पहुंच चुके हैं, BSNL अब 4G के साथ कदमताल करने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Comment