जब भी आप किसी लोन — चाहे वो पर्सनल, होम या कार लोन — के लिए आवेदन करने की सोचते हैं, तो सबसे पहले जिस चीज़ पर ध्यान देना जरूरी है, वह है CIBIL स्कोर।
कई लोग बिना अपने स्कोर को समझे सीधे लोन के लिए अप्लाई कर देते हैं, और जब बैंक या फाइनेंस कंपनी उनका आवेदन रिजेक्ट कर देती है, तो वे यह नहीं समझ पाते कि ऐसा क्यों हुआ।
असल में, CIBIL स्कोर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री का एक मापदंड होता है। यह बताता है कि आपने अपने पिछले लोन या क्रेडिट कार्ड के बिल का भुगतान समय पर किया है या नहीं। यह स्कोर 300 से 900 के बीच होता है, और जितना ज्यादा आपका स्कोर होगा, लोन पास होने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।
इसलिए, अगर आप भविष्य में किसी भी प्रकार का लोन लेना चाहते हैं, तो अपने CIBIL स्कोर को सुधारना और उसकी निगरानी करना बेहद जरूरी है।
ट्रांसयूनियन CIBIL की एक रिपोर्ट बताती है कि जो लोग नियमित रूप से अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते हैं, उनका औसत स्कोर 729 होता है, जबकि जो ऐसा नहीं करते, उनका औसत स्कोर 712 तक ही रह जाता है।
इतना ही नहीं, जो लोग अपनी रिपोर्ट की निगरानी करते रहते हैं, उनमें से 46% लोगों के स्कोर में सिर्फ छह महीने में सुधार देखा गया।
इसलिए, किसी भी लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपना CIBIL स्कोर जरूर जांचें। यह न केवल आपकी लोन अप्रूवल प्रक्रिया को आसान बनाएगा बल्कि आपको कम ब्याज दर पर लोन पाने में भी मदद करेगा।
आज के “आपका पैसा” कॉलम में जानिए —
-
CIBIL स्कोर क्या होता है?
-
अच्छा स्कोर किसे कहते हैं?
-
CIBIL स्कोर कैसे सुधारें?
-
और, फ्री में कहां और कैसे चेक करें?
सवाल – CIBIL स्कोर क्या होता है?
जवाब – CIBIL स्कोर एक तीन अंकों की संख्या (300 से 900 के बीच) होती है, जो आपकी क्रेडिट हिस्ट्री और भुगतान क्षमता को दर्शाती है। यह बताता है कि आपने अपने पिछले लोन या क्रेडिट कार्ड के बिल समय पर चुकाए हैं या नहीं।
आपका स्कोर जितना अधिक होता है, बैंक, NBFC या अन्य वित्तीय संस्थान आपको उतना ही विश्वसनीय ग्राहक मानते हैं।
भारत में यह स्कोर मुख्य रूप से CIBIL (Credit Information Bureau India Limited) द्वारा तैयार किया जाता है। इसके अलावा Experian, CRIF High Mark और Equifax जैसी एजेंसियां भी क्रेडिट स्कोर जारी करती हैं। हालांकि, आम लोगों में इसे सबसे ज्यादा CIBIL स्कोर के नाम से जाना जाता है।
सवाल – लोन अप्रूवल में इसका क्या महत्व है?
जवाब – जब आप किसी लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करते हैं, तो बैंक या NBFC सबसे पहले आपकी CIBIL रिपोर्ट जांचती हैं।
यह रिपोर्ट बताती है कि –
-
आपने पहले कोई लोन या क्रेडिट कार्ड लिया है या नहीं।
-
आपके भुगतान समय पर हुए हैं या नहीं।
-
आपके ऊपर कुल कितना कर्ज है।
-
आपने कितनी बार लोन के लिए आवेदन किया है।
अगर आपका CIBIL स्कोर अच्छा है, तो:
✅ लोन जल्दी अप्रूव हो जाता है।
✅ ब्याज दर कम मिलती है।
✅ ज्यादा लोन राशि मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
वहीं अगर आपका स्कोर खराब है, तो:
❌ लोन रिजेक्ट हो सकता है।
❌ ब्याज दर अधिक लग सकती है।
❌ लोन की लिमिट कम तय की जा सकती है।

सवाल – अच्छा CIBIL स्कोर किसे कहते हैं?
जवाब – CIBIL स्कोर को 300 से 900 के बीच रेट किया जाता है।
-
750 से 900: उत्कृष्ट स्कोर — लोन आसानी से और कम ब्याज पर मिलता है।
-
700 से 749: अच्छा स्कोर — लोन अप्रूवल की संभावना अधिक रहती है।
-
650 से 699: औसत स्कोर — लोन तो मिल सकता है, लेकिन ब्याज दर थोड़ी ज्यादा होगी।
-
550 से 649: कमजोर स्कोर — बैंक संदेह के साथ लोन देते हैं या आवेदन रिजेक्ट कर सकते हैं।
-
300 से 549: बहुत खराब स्कोर — लोन मिलने की संभावना बहुत कम।
यानी 750 या उससे अधिक स्कोर को सबसे अच्छा और भरोसेमंद माना जाता है।
सवाल – कम CIBIL स्कोर वालों को किन दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है?
जवाब – अगर आपका CIBIL स्कोर कम है, तो यह आपकी वित्तीय विश्वसनीयता पर नकारात्मक असर डालता है। इससे आपको लोन या क्रेडिट से जुड़ी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। आइए, इन्हें एक-एक करके समझते हैं:
-
लोन रिजेक्ट हो सकता है: बैंक या NBFC आपको उच्च जोखिम वाला ग्राहक मानते हैं, इसलिए आपके लोन एप्लीकेशन को रिजेक्ट कर सकते हैं।
-
ब्याज दर ज्यादा लग सकती है: कम स्कोर का मतलब ज्यादा रिस्क — और जितना ज्यादा रिस्क, उतनी ही ज्यादा ब्याज दर।
-
गारंटर या कोलैटरल की जरूरत: बैंक सुरक्षा के तौर पर किसी गारंटर की मांग कर सकते हैं या संपत्ति गिरवी रखने को कह सकते हैं।
-
क्रेडिट कार्ड लिमिट कम मिलती है: कम स्कोर वाले ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड कंपनियां कम लिमिट देती हैं या लिमिट बढ़ाने से मना कर देती हैं।
-
बाजार में भरोसे की कमी: आपका CIBIL स्कोर सिर्फ बैंक ही नहीं, बल्कि कई बार रेंट पर घर लेने, महंगी खरीदारी करने या बिजनेस पार्टनरशिप में भी देखा जाता है। कम स्कोर आपकी साख पर असर डाल सकता है।
सवाल – CIBIL स्कोर कैसे सुधारा जा सकता है?
जवाब – अगर आपका CIBIL स्कोर कम है, तो चिंता की बात नहीं है। कुछ जरूरी आदतों और नियमों का पालन करके इसे धीरे-धीरे बेहतर बनाया जा सकता है।
यहां कुछ आसान उपाय दिए जा रहे हैं (जिन्हें हम ग्राफिक में भी समझेंगे):
-
समय पर लोन और क्रेडिट कार्ड का भुगतान करें।
-
क्रेडिट कार्ड की लिमिट का 30% से अधिक उपयोग न करें।
-
एक साथ कई लोन के लिए आवेदन करने से बचें।
-
पुराना क्रेडिट कार्ड बंद न करें – इससे क्रेडिट हिस्ट्री लंबी बनेगी।
-
नियमित रूप से अपनी क्रेडिट रिपोर्ट जांचते रहें।
-
गलतियों या मिसमैच एंट्री को तुरंत सुधारें।
-
गारंटर या को-बॉरोअर बनते वक्त सावधानी बरतें।
-
अपनी आय और खर्चों के अनुसार कर्ज का बैलेंस बनाए रखें।





