मारुति इंडिया बनी दुनिया की 8वीं सबसे वैल्यूएबल ऑटो कंपनी: मार्केट वैल्यू ₹5.10 लाख करोड़; टेस्ला नंबर-1 पर

On: September 28, 2025

मारुति सुजुकी इंडिया बनी दुनिया की 8वीं सबसे वैल्यूएबल ऑटो कंपनी

 

भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया अब 57.6 बिलियन डॉलर (लगभग ₹5.10 लाख करोड़) की मार्केट वैल्यू के साथ दुनिया की 8वीं सबसे वैल्यूएबल ऑटोमोबाइल कंपनी बन गई है। यह जानकारी इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट में सामने आई है।

मारुति सुजुकी ने फोर्ड मोटर, जनरल मोटर्स और फॉक्सवैगन जैसी दिग्गज कंपनियों को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया है। खास बात यह है कि मारुति इंडिया ने अपनी जापानी पेरेंट कंपनी सुजुकी मोटर (₹2.57 लाख करोड़) को भी मार्केट वैल्यू में मात दी है।

वैश्विक स्तर पर ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में इलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला 1.47 ट्रिलियन डॉलर (लगभग ₹130.38 लाख करोड़) की मार्केट वैल्यू के साथ टॉप पर बनी हुई है।

GST सुधारों से मारुति को बड़ा फायदा

मारुति सुजुकी भारत में छोटी कारों की बिक्री में 60% से अधिक हिस्सेदारी रखती है। हाल ही में लागू हुए GST सुधारों से कंपनी को खासा लाभ मिला है।

22 सितंबर से लागू हुए नए GST नियमों के तहत छोटी कारों पर टैक्स में कटौती की गई, जिससे मारुति की गाड़ियां और किफायती हो गईं। इसके परिणामस्वरूप कंपनी ने कई कार मॉडलों की कीमतों में ₹1.30 लाख तक की कमी की।

मारुति के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी के अनुसार:
  • ऑल्टो K10: 10.6-20% की कटौती

  • एस-प्रेसो: 12.6-24% की कटौती

  • सेलेरियो: 8.6-17% की कटौती

  • वैगन R: 8.7-14% की कटौती

बनर्जी ने कहा, “यह त्योहारी सीजन में ग्राहकों के लिए डबल बोनांजा है।”

हर दिन 15,000 बुकिंग्स

नए GST नियमों के बाद मारुति की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। कंपनी को हर दिन लगभग 15,000 बुकिंग्स मिल रही हैं।
22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन, मारुति ने 30,000 गाड़ियों की डिलीवरी की, जो कि छोटी कारों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।

GST सुधारों के बाद शेयर में 25% की तेजी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को नई पीढ़ी के GST सुधारों की घोषणा की थी। इसके बाद से मारुति के शेयरों में 25% की बढ़ोतरी हुई।

  • 14 अगस्त: ₹12,936

  • 25 सितंबर: ₹16,236

इस दौरान निफ्टी ऑटो इंडेक्स में लगभग 11% की बढ़ोतरी हुई, लेकिन मारुति ने इससे बेहतर प्रदर्शन किया।

Leave a Comment