फोनपे का IPO जल्द आ सकता है, ₹13,310 करोड़ जुटाने का है लक्ष्य
वॉलमार्ट की डिजिटल पेमेंट कंपनी फोनपे ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट्स SEBI के पास फाइल कर दिए हैं। इस जानकारी की पुष्टि 24 सितंबर को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने कंपनी के प्रवक्ता के हवाले से की।
कंपनी ने ये डॉक्यूमेंट्स कॉन्फिडेंशियल रूट से फाइल किए हैं, जिसका मतलब है कि फिलहाल इस पर आम लोगों के लिए कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फोनपे लगभग 15 बिलियन डॉलर (करीब ₹1.33 लाख करोड़) के वैल्यूएशन पर 1.5 बिलियन डॉलर (करीब ₹13,308 करोड़) जुटाने की योजना बना रही है।
फोनपे ने मार्केट रेगुलेटर SEBI, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के पास अपने इक्विटी शेयरों की IPO के लिए प्री-फाइल्ड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (PDRHP) फाइल किया है। इस कदम से कंपनी को भारतीय शेयर बाजार में कदम रखने का मार्ग साफ़ हो गया है।
IPO की तैयारी में आगे बढ़ा कदम
फोनपे ने 16 अप्रैल 2025 को खुद को प्राइवेट से पब्लिक कंपनी में बदल लिया था। यह कदम भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। कंपनी ने फरवरी 2025 में ही अपने IPO की योजना बनाना शुरू कर दिया था।
IPO से पहले मुख्यालय भारत में शिफ्ट किया
फोनपे ने दिसंबर 2022 में अपने मुख्यालय को सिंगापुर से भारत स्थानांतरित किया था। इस कदम के साथ कंपनी ने अपने नॉन-पेमेंट बिजनेस को अलग-अलग सब्सिडियरी कंपनियों में बांट दिया। इस तरह से फोनपे ने IPO और भविष्य के विस्तार के लिए अपनी संरचना को मजबूत बनाया।