PM Kisan 21वीं किस्त नवंबर में जारी हो सकती है: जानें कौन से किसान होंगे पात्र और किसे नहीं मिलेगा लाभ

On: October 28, 2025

PM Kisan 21वीं किस्त नवंबर में जारी हो सकती है: जानें कौन से किसान होंगे पात्र और किसे नहीं मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के लाभार्थी किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। नवंबर के पहले हफ्ते में केंद्र सरकार 21वीं किस्त जारी कर सकती है। देशभर के 10 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में इस योजना के तहत 2,000 रुपये की अगली किस्त आने की संभावना है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह किस्त बिहार विधानसभा चुनाव (6 और 11 नवंबर) से ठीक पहले जारी की जा सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है।


केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बयान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में कहा था कि बहुत जल्द किसानों के खातों में अगली किस्त भेजी जाएगी। उन्होंने सभी राज्य सरकारों से अपील की है कि आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और अन्य जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करें, ताकि भुगतान में किसी तरह की देरी न हो।

जम्मू-कश्मीर के दौरे के दौरान उन्होंने बताया था कि सीमावर्ती इलाकों में कई किसान खेती कर रहे हैं लेकिन उनके जमीन के दस्तावेज पूरे नहीं हैं। अगर राज्य सरकारें ऐसे किसानों का वेरिफिकेशन करके नाम भेजें, तो वे भी योजना का लाभ ले सकेंगे।

इसके कुछ ही दिनों बाद केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के 8.5 लाख से अधिक किसानों के खातों में 171 करोड़ रुपये की 21वीं किस्त ट्रांसफर कर दी थी।


कुछ राज्यों को पहले ही मिल चुकी है 21वीं किस्त

26 सितंबर 2025 को पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के किसानों को 21वीं किस्त जारी कर दी गई थी। इन राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने अग्रिम राहत के तौर पर राशि भेजी थी।
इसके अलावा, 7 अक्टूबर 2025 को जम्मू-कश्मीर के किसानों को भी यह किस्त मिल चुकी है। बाकी राज्यों में नवंबर के पहले हफ्ते में भुगतान होने की उम्मीद है।


योजना के तहत भुगतान की प्रक्रिया

इस योजना के तहत किसानों के खाते में हर साल तीन किश्तों में 2-2 हजार रुपये भेजे जाते हैं —

  • पहली किस्त: अप्रैल से जुलाई के बीच

  • दूसरी किस्त: अगस्त से नवंबर के बीच

  • तीसरी किस्त: दिसंबर से मार्च के बीच


मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का असर नहीं पड़ेगा

बिहार विधानसभा चुनाव के चलते प्रदेश में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू है। ऐसे में सवाल उठ रहा था कि क्या भुगतान संभव है?
दरअसल, चुनाव आचार संहिता के दौरान नई योजनाओं की घोषणा नहीं की जा सकती, लेकिन पहले से चल रही योजनाओं जैसे PM-किसान योजना के तहत भुगतान जारी रह सकता है।


इन किसानों को नहीं मिलेगी किस्त

कृषि मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों ने ई-केवाईसी, आधार सीडिंग या बैंक खाते की लिंकिंग पूरी नहीं की है, उन्हें 21वीं किस्त का भुगतान नहीं किया जाएगा।
राज्य सरकारों को निर्देश दिया गया है कि वे पात्र किसानों की वेरिफिकेशन लिस्ट तैयार कर जल्द केंद्र को भेजें।


किसानों के लिए जरूरी सलाह

यदि आप इस योजना के लाभार्थी हैं, तो जल्द से जल्द ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की स्थिति जांच लें।
अगर ये प्रक्रिया अधूरी है, तो अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या कृषि कार्यालय से संपर्क करें। समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने पर ही अगली किस्त आपके खाते में बिना रुकावट पहुंचेगी।


अगर किस्त नहीं आई है तो क्या करें?

यदि आपकी किस्त नहीं आई है या रजिस्ट्रेशन से जुड़ी कोई समस्या है, तो आप PM किसान सम्मान निधि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Farmer Corner” में Help Desk विकल्प चुनें।
यहां आधार नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक अकाउंट नंबर डालकर विवरण प्राप्त करें और अपनी समस्या का विवरण सब्मिट करें।

आप CSC केंद्र या स्थानीय राजस्व अधिकारी/पटवारी से भी संपर्क कर सकते हैं।


पिछली किस्त 2 अगस्त को जारी हुई थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2025 को योजना की 20वीं किस्त जारी की थी। इस दौरान 9.7 करोड़ किसानों के खातों में 20.84 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे।


PM-किसान योजना कब शुरू हुई?

यह योजना फरवरी 2019 में शुरू की गई थी। इसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में Direct Benefit Transfer (DBT) के जरिए भेजी जाती है।
वर्तमान में देशभर के 10 करोड़ से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

Leave a Comment