रणबीर कपूर ने मुंबई में मनाया 43वां जन्मदिन: पैपराज़ी के सामने काटा केक, फैंस के लिए शेयर किया खास वीडियो मैसेज
एक्टर रणबीर कपूर ने रविवार को मुंबई में अपना 43वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया। इस मौके पर उन्होंने पैपराज़ी की मौजूदगी में केक काटा।
हालांकि रणबीर सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन जन्मदिन पर उन्होंने फैंस को धन्यवाद देते हुए एक खास वीडियो मैसेज शेयर किया। यह वीडियो उनके लाइफस्टाइल ब्रांड Arx के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया।
वीडियो में रणबीर ने कहा, मैं 43 साल का हो गया हूं। जैसा कि आप देख सकते हैं, दाढ़ी में सफेद बाल हर साल बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन दिल में परिवार, दोस्तों, काम और सबसे ज्यादा आप सभी फैंस के लिए बहुत आभार है। आपके प्यार और शुभकामनाओं से मैं खुद को बहुत खास महसूस करता हूं। धन्यवाद।
इस वीडियो में रणबीर की बेटी राहा की हल्की आवाज भी सुनाई दी, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
वहीं, रणबीर की मां नीतू कपूर ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बेटे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रणबीर और आलिया की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, हैप्पी बर्थडे माय जान… मुझे बेहद खुशनसीब महसूस होता है कि तुम मेरी जिंदगी का हिस्सा हो।
जल्द ही रणबीर कपूर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म में साई पल्लवी सीता की भूमिका में दिखेंगी, जबकि यश रावण का रोल निभाएंगे। रामायण का पहला पार्ट अगले साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।





