साइबर अटैक से प्रोडक्शन रुका: जगुआर-लैंडरोवर की कारें 1 अक्टूबर तक नहीं बनेंगी, 3 हफ्ते से फैक्ट्री बंद; टाटा मोटर्स का शेयर 2% लुढ़का

On: September 25, 2025

साइबर अटैक से जेएलआर का प्रोडक्शन ठप, टाटा मोटर्स को भारी झटका

साइबर अटैक के चलते टाटा मोटर्स की सब्सिडियरी जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने अपने सभी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स को बंद रखने का फैसला 1 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। इससे पहले कंपनी ने उत्पादन पर रोक 24 सितंबर तक लगाई थी। बीते करीब तीन हफ्तों से जेएलआर के ऑपरेशंस ठप हैं।

टाटा मोटर्स की कमाई का लगभग 70% हिस्सा JLR से आता है। इस साइबर अटैक से कंपनी को करीब 2 बिलियन पाउंड (लगभग 23,000 करोड़ रुपए) का नुकसान होने का अनुमान है। यह रकम कंपनी के सालाना मुनाफे से भी ज्यादा है।

इसी वजह से 25 सितंबर को टाटा मोटर्स के शेयर 2% से ज्यादा गिर गए। शेयर आज 18 रुपए या 2.64% टूटकर 664.90 रुपए पर बंद हुए।

सवाल-जवाब में समझें पूरी घटना

सवाल 1: साइबर हमला कब हुआ था?
जवाब: अगस्त के आखिर में यह साइबर अटैक हुआ। इसके चलते ब्रिटेन स्थित जेएलआर के तीन प्रमुख प्लांट्स – सोलिहुल, हेलीवुड और वॉल्वरहैम्पटन में उत्पादन पूरी तरह रुक गया।
इन प्लांट्स में रोजाना करीब 1,000 व्हीकल्स बनते हैं। लेकिन हमले के बाद आईटी सिस्टम बंद करना पड़ा, ताकि और बड़ा नुकसान न हो।

सवाल 2: इस साइबर हमले का क्या असर पड़ा है?
जवाब: जेएलआर की ब्रिटेन स्थित फैक्ट्रियों में करीब 30,000 डायरेक्ट कर्मचारी काम करते हैं, जबकि सप्लाई चेन से 1 लाख से ज्यादा लोग जुड़े हैं। सभी कर्मचारियों को फिलहाल घर पर रहने को कहा गया है। लंबे समय तक उत्पादन बंद रहने से कंपनी का सालाना प्रोडक्शन टारगेट बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

सवाल 3: आर्थिक नुकसान कितना बड़ा हो सकता है? क्या कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध है?
जवाब: रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साइबर अटैक से कुल नुकसान करीब 2 बिलियन पाउंड (23,000 करोड़ रुपए) तक पहुंच सकता है। यह रकम JLR के वित्त वर्ष 2025 (FY25) के अनुमानित प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 1.8 बिलियन पाउंड से भी ज्यादा है। चूंकि कंपनी के पास साइबर इंश्योरेंस नहीं है, इसलिए पूरा बोझ सीधे कंपनी को ही उठाना होगा।

सवाल 4: टाटा मोटर्स पर इसका क्या असर पड़ा, खासकर शेयर बाजार में?
जवाब: साइबर अटैक की खबरों और लंबे समय तक प्रोडक्शन बंद रहने से निवेशकों का भरोसा हिला है। पिछले 5 ट्रेडिंग सेशंस में टाटा मोटर्स का शेयर 6% से ज्यादा गिरकर 664 रुपए तक आ गया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह झटका टाटा मोटर्स के पूरे वित्त वर्ष के नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

सवाल 5: जेएलआर या टाटा मोटर्स ने इस मुद्दे पर क्या आधिकारिक बयान दिया है?
जवाब: कंपनी ने इस साइबर अटैक को एक “मेजर आईटी इश्यू” बताया है। हालांकि वित्तीय नुकसान की सटीक राशि का खुलासा नहीं किया गया है। जेएलआर का कहना है कि फिलहाल पूरा फोकस आईटी सिस्टम को सुरक्षित करने और रिकवरी प्रोसेस पर है। ऑपरेशंस तभी बहाल होंगे जब सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित हो जाएंगे।

सवाल 6: क्या यह हमला सिर्फ जेएलआर तक सीमित है?
जवाब: नहीं, यह सिर्फ जेएलआर का मामला नहीं है। हाल के महीनों में ब्रिटेन की कई कंपनियां साइबर अटैक्स का शिकार हुई हैं। उदाहरण के तौर पर, मार्क्स एंड स्पेंसर ग्रुप और कुछ बड़ी रिटेल चेन भी ऐसे हमलों से प्रभावित हो चुकी हैं। यह घटनाएं इस बात का संकेत देती हैं कि साइबर सिक्योरिटी आज के बिज़नेस माहौल में कितनी अहम हो गई है।


 

Leave a Comment