यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार अपडेट करने की फीस में बढ़ोतरी की है। अब यह फीस 25 रुपए तक ज्यादा हो गई है और यह नई दरें 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। ये शुल्क 30 सितंबर 2028 तक वैध रहेंगी, उसके बाद फिर से समीक्षा कर फीस तय की जाएगी, जो 1 अक्टूबर 2028 से 30 सितंबर 2031 तक लागू होगी।
नए नियमों के अनुसार, नया आधार कार्ड बनवाना सभी के लिए मुफ्त रहेगा। लेकिन नाम, पता और अन्य दस्तावेज़ बदलवाने जैसी सेवाओं के लिए अब पहले के 50 रुपए की जगह 75 रुपए देने होंगे। इसी तरह, बायोमेट्रिक अपडेट के लिए फीस भी बढ़कर 100 रुपए से बढ़कर 125 रुपए हो गई है। वहीं, बच्चों का आधार अपडेट करवाना अब भी पूरी तरह से मुफ्त रहेगा।
बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक अपडेट की नई फीस और नियम
5 से 7 साल के बच्चों और 15 से 17 साल के किशोरों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त रहेगा। साथ ही, 7 से 15 साल के बच्चों के लिए भी 30 सितंबर 2026 तक बायोमेट्रिक अपडेट फ्री रहेगा। अन्य सभी के लिए बायोमेट्रिक अपडेट की फीस 125 रुपए होगी।
अगर आप नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता या संपर्क विवरण जैसे डेमोग्राफिक अपडेट बायोमेट्रिक अपडेट के साथ करवाते हैं, तो इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। लेकिन अगर केवल डेमोग्राफिक अपडेट ही करवाना हो तो इसके लिए 75 रुपए देने होंगे, जो पहले 50 रुपए थे।
myAadhaar पोर्टल के जरिए पहचान और पता दस्तावेज़ अपडेट करना 14 जून 2026 तक मुफ्त रहेगा। वहीं, एनरोलमेंट सेंटर पर यह सेवा अब 75 रुपए में उपलब्ध होगी, जो पहले 50 रुपए थी।
आगे चलकर, 1 अक्टूबर 2028 से 75 रुपए वाली सेवा की कीमत बढ़कर 90 रुपए हो जाएगी और 125 रुपए वाली सेवाओं के लिए शुल्क 150 रुपए हो जाएगा।
होम एनरोलमेंट सर्विस की फीस और आधार अपडेट की प्रक्रिया
UIDAI ने होम एनरोलमेंट सर्विस की फीस GST सहित ₹700 रखी है। अगर एक ही पते पर कई लोग अपडेट करवाते हैं, तो पहले व्यक्ति को ₹700 देना होगा, जबकि बाकी हर शख्स के लिए ₹350 फीस लगेगी। इसके अलावा, डेमोग्राफिक अपडेट जैसी अन्य सेवाओं के लिए ₹75 की अतिरिक्त फीस भी लागू हो सकती है।
इस होम एनरोलमेंट सेवा में UIDAI का स्टाफ सीधे घर पर जाकर आधार से जुड़ी सेवाएं देता है। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए है, जो किसी कारणवश आधार केंद्र नहीं जा सकते—जैसे बुजुर्ग, बीमार, या जिन्हें आने-जाने में परेशानी होती है।
ऑनलाइन आधार अपडेट कैसे करें
आप अपने आधार की जानकारी खुद भी UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट myAadhaar पर जाकर अपडेट कर सकते हैं। ऑनलाइन आप केवल डेमोग्राफिक (जैसे नाम, पता) अपडेट कर सकते हैं। बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन) ऑनलाइन नहीं हो सकता, इसके लिए नजदीकी आधार नामांकन या सेवा केंद्र जाना होगा।
डेमोग्राफिक अपडेट के लिए ₹75 और बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ₹125 फीस लगती है।
मोबाइल नंबर अपडेट जरूरी
ऑनलाइन आधार अपडेट के लिए आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा होना जरूरी है। अगर मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो आप ऑनलाइन बदलाव नहीं कर पाएंगे। मोबाइल नंबर अपडेट केवल आधार सेवा केंद्र पर ही संभव है।
जब आप अपडेट करवाते हैं, तो आपको एक सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) मिलेगा, जिससे आप अपडेट की प्रगति ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।
आधार अपडेट क्यों जरूरी है?
-
बैंक अकाउंट खोलने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होती है।
-
पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, राशन कार्ड जैसे दस्तावेज बनवाने में परेशानी नहीं होती।
-
व्यक्ति की पहचान की पुष्टि आसान हो जाती है।
-
फ्रॉड और स्कैम का खतरा कम होता है।
ऑनलाइन आधार में पता अपडेट करने की पूरी प्रक्रिया
-
UIDAI की वेबसाइट myaadhaar.uidai.gov.in पर जाएं।
-
अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें, कैप्चा कोड भरें और ‘Send OTP’ पर क्लिक करें।
-
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को डालकर लॉगिन करें।
-
‘आधार अपडेट’ ऑप्शन चुनें और ‘Proceed to Update Aadhaar’ पर क्लिक करें।
-
एड्रेस सेलेक्ट करें और फिर ‘Proceed to Update Aadhaar’ दबाएं।
-
आपका मौजूदा पता स्क्रीन पर दिखेगा।
-
नया पता दर्ज करें।
-
नया पता प्रमाणित करने वाला दस्तावेज़ अपलोड करें।
-
नीचे दिए गए दोनों चेक बॉक्स को टिक करें और ‘Next’ पर क्लिक करें।
-
भुगतान विकल्प चुनें (UPI, नेट बैंकिंग, कार्ड आदि)।
-
भुगतान पूरा होने पर रसीद प्राप्त होगी।
-
लगभग 30 दिनों में आपका आधार पता अपडेट हो जाएगा।
बिना डॉक्यूमेंट के भी आधार में पता अपडेट करें
UIDAI अब परिवार के मुखिया (Head Of Family – HOF) की अनुमति से बिना डॉक्यूमेंट के भी ऑनलाइन आधार में पता अपडेट करने की सुविधा देता है। इसका मतलब है कि घर का मुखिया अपने बच्चे, पति या पत्नी, माता-पिता का पता ऑनलाइन अप्रूव कर सकता है। HOF बनने के लिए आपकी उम्र 18 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए।
पूरा अपडेट प्रोसेस कुछ इस तरह है:
-
सबसे पहले myaadhaar.uidai.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
-
लॉगिन करने के लिए अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें, कैप्चा कोड भरें और ‘Send OTP’ पर क्लिक करें।
-
आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, उसे डालकर लॉगिन करें।
-
ऑनलाइन अपडेट सर्विस का ऑप्शन चुनें।
-
‘Head Of Family (HOF) बेस्ड आधार अपडेट’ पर क्लिक करें।
-
HOF का आधार नंबर दर्ज करें।
-
आपको ₹75 सर्विस चार्ज देना होगा।
-
इसके बाद एड्रेस अपडेट की रिक्वेस्ट HOF को भेजी जाएगी।
-
HOF को अपनी अनुमति देनी होगी।
-
यदि HOF एड्रेस शेयर करने की रिक्वेस्ट को रिजेक्ट करता है, तो आपका आधार एड्रेस अपडेट नहीं होगा।





