एक ही पोर्टल से अपडेट होंगे आधार, पैन, वोटर आईडी और ड्राइविंग लाइसेंस: सरकार ला रही यूनिफाइड डिजिटल आईडेंटिटी सिस्टम, जानिए कैसे करेगा काम
देश में पहचान पत्रों से जुड़ी सबसे बड़ी परेशानी जल्द खत्म होने जा रही है। अब आधार, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस में नाम, पता या मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार ‘यूनिफाइड डिजिटल आईडेंटिटी सिस्टम’ (Unified Digital Identity System) लागू करने जा रही है, जिसके जरिए नागरिक अपने सभी पहचान पत्रों की जानकारी एक ही पोर्टल से अपडेट कर सकेंगे।
क्या है यूनिफाइड डिजिटल आईडेंटिटी सिस्टम?
यह नया सिस्टम नागरिकों के सभी जरूरी पहचान पत्रों को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ देगा। यानी आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और वोटर आईडी एक ही पोर्टल से जुड़े रहेंगे। किसी भी एक दस्तावेज़ में बदलाव करने पर बाकी सभी दस्तावेजों में भी वह जानकारी अपने आप अपडेट हो जाएगी।
उदाहरण के तौर पर, अगर आप इस पोर्टल पर जाकर अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज करते हैं, तो वह बदलाव आपके आधार, पैन कार्ड, वोटर आईडी और ड्राइविंग लाइसेंस में भी ऑटोमैटिक रूप से अपडेट हो जाएगा।
कैसे करेगा काम यह पोर्टल
सरकार इस पोर्टल को इस तरह डिजाइन कर रही है कि अपडेट की प्रक्रिया बेहद आसान और यूज़र-फ्रेंडली हो।
-
उपयोगकर्ता पोर्टल पर जाकर बदलाव का विकल्प चुनेंगे — जैसे मोबाइल नंबर, पता या नाम बदलना।
-
आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करने होंगे।
-
तीन वर्किंग डेज के भीतर सभी जुड़े हुए पहचान पत्रों में नया डेटा अपडेट हो जाएगा।
नए पहचान पत्र कैसे मिलेंगे
अगर किसी व्यक्ति को अपडेट के बाद नया पहचान पत्र चाहिए, तो वह भी इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेगा।
-
आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क देना होगा।
-
7 वर्किंग डेज में नया पहचान पत्र डाक से घर पर पहुंच जाएगा।
-
चाहें तो व्यक्ति निकटतम सरकारी केंद्र से जाकर भी अपना पहचान पत्र प्राप्त कर सकेगा।
-
आवेदन करते समय ही मोबाइल पर पहचान पत्र प्राप्त करने की तारीख और समय की जानकारी भेज दी जाएगी।
सुरक्षा और सटीकता पर विशेष फोकस
सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का ट्रायल रन चल रहा है। डेटा सुरक्षा को लेकर कड़े प्रोटोकॉल तैयार किए गए हैं। अभी तक हुए ट्रायल्स में 92% से अधिक सटीकता प्राप्त हुई है।
जैसे ही यह आंकड़ा 98% या उससे ऊपर पहुंचेगा, सिस्टम को सार्वजनिक परीक्षण के लिए लॉन्च किया जाएगा। कुछ महीनों में यह पोर्टल आम जनता के लिए शुरू होने की उम्मीद है।
जल्द मिलेगा नया डिजिटल पहचान अनुभव
फिलहाल इस पोर्टल का नाम तय नहीं हुआ है, लेकिन परीक्षण के अंतिम चरण के बाद इसका आधिकारिक नाम घोषित किया जाएगा। इस यूनिफाइड सिस्टम के आने से नागरिकों को पहचान पत्रों में अपडेट कराने की झंझट से राहत मिलेगी और देश में डिजिटल गवर्नेंस का एक नया अध्याय शुरू होगा।





